उज्जैन। संयुक्त अधिकारी कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश स्तरीय आव्हान पर उज्जैन जिला अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चे के अध्यक्ष मानसिंह चौहान के नेतृत्व में मंगलवार को उज्जैन तहसीलदार अभिषेक शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। साथ ही संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारियों द्वारा जिले की सभी तहसीलों में ज्ञापन दिया गया। आंदोलन के दूसरे चरण में 8 अक्टूबर को जिला स्तर पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण में राजधानी भोपाल में एक दिवसीय जंगी प्रदर्शन के साथ ही 28 एवं 29 अक्टूबर को संपूर्ण प्रदेश में लॉकडाउन किया जाएगा। संयुक्त अधिकारी कर्मचारी मोर्चा जिला उज्जैन अध्यक्ष मानसिंह चौहान ने बताया कि सात सूत्रीय मांगों में केन्द्र के समान शेष 16 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय दिनांक से सभी अधिकारी, कर्मचारी, निगम मंडल एवं पेंशनरों को एरियर सहित दिया जाने की मांग की इसके साथ ही मांग की कि जुलाई 2020 से देय वेतन वृध्दि का एरियर नगद दिया जाए, प्रदेश के अधिकारी कर्मचारियों को सशर्त उच्च न्यायालय के निर्णय की प्रत्याशा में पदोन्नति अतिशीघ्र प्रारंभ की जाये। प्रदेश के सभी अधिकारी कर्मचारी निगम मंडल सहित को केन्द्र के समान गृह भाड़ा भत्ता दिया जाये। लिपिक वर्ग एवं अन्य संवर्ग की वेतन विसंगति दर की जाये। नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाये। अनुकंपा नियुक्ति के नियम शिथिल कर नियमित पद पर नियुक्ति दी जाये। इसके पूर्व संयुक्त मोर्चे के संरक्षक मोतीलाल निर्मल, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के कैलाश रामटेके, लघु वेतन कर्मचारी संघ के लक्ष्मीनारायण गुप्ता, कर्मचारी कांग्रेस सुरेन्द्रसिंह चौहान, लिपिक वर्ग के देवेन्द्र व्यास, स्वास्थ्य विभाग के शशि टाईटस के साथ ही महेश सोनाने ने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभिन्न संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।