शिवरात्रि पर महादीपोत्सव अभियान के लिए वितरित किये आह्वान पत्रक
उज्जैन। क्षिप्रा किनारे स्थित रामघाट कुंभपेड़ी पर विराट श्री राम प्रतिमा स्थापना समिति एवं भगतसिंह सेवा समिति के प्रति मासिक संकल्प पर मां क्षिप्रा का अभिषेक पूजन कर 1100 दीप जलाकर श्रीराम जी की आरती एवं स्तुति की गई। साथ ही आगामी शिवरात्रि पर महादीपोत्सव अभियान के लिए आमजनों तथा तीर्थपुरोहितों से आह्वान किया।
भाद्रमास कृष्ण पक्ष द्वितीया, 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में भव्य मन्दिर निर्माण हेतु शिलान्यास किया गया था उसी तिथि से हर मास में कृष्ण पक्ष की द्वितीया को सतत दीपोत्सव किया जा रहा है। इसी तारतम्य में फाग मास कृष्ण पक्ष द्वितीया पर दोनो संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में पवित्र संकल्प की प्राप्ति हेतु रामघाट कुंभपेडी पर 1100 दीप जलाकर भगवान श्री रामजी की आरती एवं स्तुति की गई। कार्यक्रम में आगामी शिवरात्रि पर महा दीपोत्सव आयोजन में सहभागिता हेतु अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज, रामघाट तीर्थ पुरोहित महासभा एवं कार्यकारी दोनो संस्थाओं द्वारा आह्वान पत्रक वितरण कर किया गया। कार्यक्रम संयोजक पंडित अम्रतेश त्रिवेदी अनुसार मुख्य अतिथि रवि सोलंकी, विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र चतुर्वेदी की गरिमामय उपस्थिति के साथ ही रविन्द्र जोशी, गौरव उपाध्याय (धर्माधिकारी), अजय जोशी, यश जोशी, वेद प्रकाश त्रिवेदी, आयुष त्रिवेदी आदि सहित समिति सदस्य एवं तीर्थ पुरोहित गण उपस्थित थे। पूजन विधि पंडित वेदांत व्यास के आचार्यत्व में संपन्न हुई।