मालवा की धरती पर पहली बार आएंगी निरंकारी सद्गुरू माता सुदीक्षाजी महाराज


उज्जैन। मालवा की धरती पर प्रथम बार निरंकारी सद्गुरू माता सुदीक्षाजी महाराज की पावन उपस्थिति में एक दिवसीय विशाल निरंकारी संत समागम इंदौर में 21 मार्च को दशहरा मैदान अन्नपूर्णा रोड़ पर शाम 6 से 8.30 बजे तक होने जा रहा है। जिसमें शामिल होने हेतु उज्जैन से बड़ी संख्या में अनुयायी दो बसों तथा अन्य दोपहिया, चौपहिया वाहनों से रवाना होंगे। समागम में झाबुआ, मालवा निमाड़ अंचल के अनुयायी हजारों की संख्या में शामिल होंगे।
उज्जैन झोन के झोनल इंचार्ज मनोहर वाधवानी ने बताया कि समागम की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ आरंभ कर दी गई है। निरंकारी मिशन मानवता, प्रेम एवं आपसी भाईचारे का मंच है जो हर जाति एवं धर्म के लिए बना है। मिशन का उद्देश्य ब्रह्म ज्ञान द्वारा अज्ञानता के अंधेरे को दूर करना एवं भ्रम भ्रांतियों से छुटकारा दिलवाना है। इस विशाल निरंकारी संत समागम में कुछ वक्ता अपने भावों को विचारों, रचनाओं, कविताओं, संपूर्ण हरदेव वाणी एवं अवतारवाणी के शब्द गायन द्वारा श्रध्दा, भक्ति एवं उल्लास से व्यक्त करेंगे। अंत में सद्गुरू माता सुदीक्षाजी महाराज अपने प्रवचनों से साध संगत को आशीर्वाद देंगे।